फिल्म फर्जी में कृति सेनन के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे अर्जुन कपूर!

0
243

फिल्म फर्जी के लिए पहले शाहिद कपूर को अप्रोच की गई थी

मुम्बई। एक तरफ अभिनेता अर्जुन कपूर अभिनीत मुबारकां बाॅक्स आॅफिस पर ठीक ठाक कारोबार कर रही है, और दूसरी ओर अर्जुन कपूर के पास पहले से ही कई फिल्में लाइन में हैं। लेकिन, एक नयी चर्चा के अनुसार अ जेंटलमैन निर्देशक जोड़ी राज निधिमोरु और कृष्णा डीके अर्जुन कपूर को लेकर फिल्म बनाने की सोच रही है।

सिद्धार्थ मल्होत्रा और जैकलीन फर्नांडीज अभिनीत फिल्म अ जेंटलमैन के रिलीज होने का इंतजार कर रही राज और कृष्णा की जोड़ी अपनी प्रस्तावित फिल्म फर्जी में अर्जुन कपूर को लेने का मन बना चुकी है। हालांकि, पहले इस फिल्म के लिए उड़ता पंजाब अभिनेता शाहिद कपूर को अप्रोच किया गया था।

सूत्रों की मानें तो शाहिद कपूर फिल्म करने के लिए तैयार भी हो गए थे, लेकिन, बाद में कुछ कारणों के चलते शाहिद कपूर ने खुद को प्रोजेक्ट से अलग कर लिया। फिल्म में लीड अभिनेत्री के रूप में कृति सेनन को कास्ट किया जा रहा है। फिल्हाल, इस फिल्म की पटकथा को नये सिरे से लिखा जा रहा है, ताकि फ्रेशनेस आ सके।

हालांकि, इस फिल्म के संबंध में अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई घोषणा नहीं हुई। बता दें कि अर्जुन कपूर के पास इस समय यशराज फिल्म्स की संदीप और पिंकी फरार और विपुल शाह की नमस्ते कनेडा है। इसके अलावा अर्जुन कपूर एक अन्य फिल्म कनेडा में दिलजीत और अनुष्का शर्मा के साथ काम करते हुए नजर आएंगे।