Saturday, April 18, 2026
Home Gossip/News इसलिए फिल्‍म ‘मोटू पतलू’ में नहीं है बड़े सितारों की आवाज

इसलिए फिल्‍म ‘मोटू पतलू’ में नहीं है बड़े सितारों की आवाज

0
1654

नई दिल्ली। 14 अक्‍टूबर को रिलीज होने जा रही एनिमेशन फिल्म ‘मोटू पतलू – किंग ऑफ किंग्स’ के निर्देशक केतन मेहता का मानना है कि बड़े सितारों से डबिंग कराने से केवल फिल्‍म प्रचार में मदद मिलती है। हालांकि, इससे फिल्‍मों की गुणवत्ता नहीं बढ़ती।

केतन ने आईएएनएस से कहा, ‘हॉलीवुड में फिल्‍मकार ऐसा करते हैं और वे अपनी फिल्मों की डबिंग के लिए बड़े सितारों को बड़ी रकम देते हैं। भारतीय फिल्मों का बजट इतना बड़ा नहीं होता और मुझे लगता है कि फिल्म के प्रचार के अलावा इससे उसकी गुणवत्ता में कोई बढ़ोतरी नहीं होती।’

motu-patlu

गौरतलब है कि फिल्‍म ‘मोटू पतलू – किंग ऑफ किंग्स’ में किसी सेलेब्रिटी ने वॉयसओवर नहीं किया है।

केतन मेहता ने इस बारे में कहा, “‘मोटू पतलू’ के किरदार बच्चों में इतने मशहूर हैं कि उनके लिए किसी प्रकार के प्रचार की जरूरत नहीं है। ये पिछले तीन सालों से वे भारतीय टेलीविजन के सबसे लोकप्रिय किरदार हैं।”

फिल्‍मकार ने कहा, “बच्चों की एक पूरी पीढ़ी ‘मोटू पतलू’ देखते हुए बड़ी हुई है, इसलिए वे उसके किरदारों के बारे में जानते हैं। वे बेहद लोकप्रिय और पसंदीदा किरदार हैं, इसलिए हमें उस बारे में कोई चिंता करने की जरूरत नहीं है।” -आईएएनएस