Wednesday, March 25, 2026
Home Cine Special औपचारिक प्रशिक्षण के बिना ही फैशन जगत का सम्राट बन गया फैशन...

औपचारिक प्रशिक्षण के बिना ही फैशन जगत का सम्राट बन गया फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा

0
316

मनीष मल्होत्रा, इस समय एक नाम नहीं रह गया, बल्कि एक लेबल बन चुका है, जो जिस परिधान लगता है, उस परिधान का स्टेट्स बदल जाता है। इसमें कोई दो राय नहीं कि मनीष मल्होत्रा मार्का परिधान मायानगरी की हस्तियों से लेकर मध्यवर्गीय लोगों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं।

मगर, दिलचस्प बात तो यह है कि 5 दिसंबर 2017 का 50वां जन्मदिवस मना रहे मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने फैशन डिजाइनिंग के लिए औपचारिक प्रशिक्षण हासिल ने किया। कॉलेज के दिनों में मॉडलिंग करने वाले मनीष मल्होत्रा ने 19 साल की उम्र में एक बुटिक में सेल्समेन की नौकरी शुरू की, और 21 साल की उम्र तक खुद डिजाइनिंग करना सीख गए।

1970 के दशक की फिल्मों और आरडी बर्मन के गीतों के दीवाने फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने अपने कौशल को फिल्म जगत में विस्तार देने की सोची, ताकि वह अपने डिजाइन किए कपड़े फिल्मों में कलाकारों को पहना सके। फैशन की दुनिया में डिजाइनर के रूप में स्थापित होने के लिए मनीष मल्होत्रा ने अपने मॉडलिंग के शौक को अलविदा कह दिया।

फिल्मकार डेविड धवन की फिल्म स्वर्ग में एक गाने के लिए मनीष मल्होत्रा ने परिधान तैयार किए, जो जूही चावला ने पहने। उसके बाद नगमा के लिए परिधान तैयार किए, जो नगमा ने फिल्म बागी अ रिबेल फॉर लव में पहने।

फैशन जगत में मनीष मल्होत्रा की यात्रा को आगे बढ़ाने में फिल्म फोटोग्राफर राकेश श्रेष्ठा का अहम योगदान है क्योंकि इस व्यक्ति ने मनीष मल्होत्रा को बहुत सारे फिल्मी सितारों से मिलवाया।

धीरे धीरे मनीष मल्होत्रा के कदम आगे बढ़ते चले गए और एक दिन यश जौहर ने मनीष मल्होत्रा की मुलाकात करण जौहर से करवायी। इस मुलाकात के बाद करण जौहर और मनीष मल्होत्रा ने साथ साथ काम करना शुरू किया। नतीजन, समय के साथ साथ दोनों की दोस्ती भी गहरी होती चली गई।

मनीष मल्होत्रा को फिल्म रंगीला के लिए फिल्म फेयर सम्मान हासिल हुआ। इस फिल्म में उर्मिला मातोंडकर के लिए मनीष मल्होत्रा ने परिधान तैयार किए थे। इसके अलावा फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने फिल्म गुमराह, राजा हिंदुस्तानी, जुदाई, मोहब्बतें, कुछ कुछ होता है, कभी खुशी कभी गत और दो स्टेट्स के लिए भी बेहतरीन काम किया।

साल 2005 में मनीष मल्होत्रा ने खुद के नाम से लेबल शुरू किया। कुछ ही सालों में मनीष मल्होत्रा की कंपनी का टर्नओवर 1 बिलियन रुपये के आंकड़े को छू गया। फिल्म और ​फैशन जगत में अमिट छाप छोड़ चुके मनीष मल्होत्रा देश के ​अलावा विदेशों में भी अपने कारोबार को विस्तार दे रहे हैं।

हाल ही में अभिनेत्री करीना कपूर लंबे समय बाद मनीष मल्होत्रा के लिए एक फैशन शो में शो स्टॉपर बनकर उतरीं थी और इस समय करीना कपूर ने मनीष मल्होत्रा के न्यूड लहंगे को दुनिया से रूबरू करवाया था। फिल्मकार करण जौहर के बाद अभिनेत्री करीना कपूर मनीष मल्होत्रा की सबसे करीबी मानी जाती हैं।

बता दें कि विश्व सौंदर्य प्रतियोगिता में विश्व सुंदरी का खिलाब जीतने वाली मनीषी छिल्लर ने भी मनीष मल्होत्रा के बनाए हुए पोशाक पहने हैं।