Saturday, March 28, 2026
Home Latest News 1921 का ट्रेलर : अमानवीय ताकतों से लोहा लेते हुए करण कुंद्रा...

1921 का ट्रेलर : अमानवीय ताकतों से लोहा लेते हुए करण कुंद्रा और जरीन खान

0
348

मुम्बई। लंबे समय से एक जबरदस्त हिट की राह देख रहे फिल्मकार विक्रम भट्ट रोमांटिक हॉरर फिल्म 1921 लेकर आ रहे हैं, जो अगले महीने की 12 तारीख को रिलीज होगी। डर और रोमांस के घोल में भीगी फिल्म 1921 सिने प्रेमियों को लुभावने में कामयाब होगी या नहीं? यह बात तो खैर रिलीज के बाद ही पता चलेगी।

फिलहाल, रोमांटिक हॉरर फिल्म 1921 के ट्रेलर के बारे में बात करते हैं, जो सोमवार को रिलीज किया गया। ट्रेलर की शुरूआत 30 सैकेंड लंबे मोनोलॉग से होती है, जो करण कुंद्रा की आवाज में अच्छा लगता है।

इसके बाद फिल्म 1921 का ट्रेलर हॉरर में तब्दील हो जाता है। हालांकि, बीच बीच में रोमांस से भरे हुए सीन आते हैं, यह ऐसे ही हैं, जैसे सर्दियों के महीने में उत्तर भारत में सूरज का दिखाई पड़ना। ट्रेलर में केवल करण कुंद्रा, जरीन खान और भूत प्रेत हैं।

जरीन खान करण कुंद्रा के साथ मिलकर प्रेत आत्माओं को मोक्ष देने की कोशिश करती है। लेकिन, समय के साथ साथ जरीन खान के भी पसीने छूटने लगते हैं। ट्रेलर के अंत में करण कुंद्रा प्रेत—आत्माओं की लपेट में आ जाते हैं।

क्या जरीन खान करण कुंद्रा को प्रेत आत्माओं के प्रकोप से बचा पाएगी? करण कुंद्रा शुरूआत में कहते हैं कि उनसे एक गलती होगी, वो गलती क्या है? जानने के लिए 12 जनवरी 2018 को फिल्म 1921 देखनी होगी।

फिल्म 1921 के ट्रेलर में विदेशी हॉरर फिल्मों की छाप साफ नजर आती है। रागिनी एमएसएस 2 की झलक भी दिखाई पड़ती है। फिल्म ट्रेलर देखते हुए महसूस होता है कि सिनेमेटोग्राफी पर विशेष ध्यान दिया गया है।

इसके अलावा संगीत पक्ष भी काफी मजबूत होने की संभावना है। जरीन खान और करण कुंद्रा की जोड़ी अच्छी लग रही है। उम्मीद है कि फिल्मकार विक्रम भट्ट फिल्म 1921 से अपनी असफल फिल्मों की कतार को तोड़ने में सफल होंगे।