Saturday, March 21, 2026
Home Latest News हिचकी का ट्रेलर रिलीज, हर फ्रेम में अद्भुत लग रही हैं अभिनेत्री...

हिचकी का ट्रेलर रिलीज, हर फ्रेम में अद्भुत लग रही हैं अभिनेत्री रानी मुखर्जी

0
763

मुम्बई। फिल्म अभिनेत्री रानी मुखर्जी की कमबैक और बहुअपेक्षित फिल्म हिचकी का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज हुआ। यशराज फिल्म्स बैनर तले बनी फिल्म हिचकी का निर्देशन सिद्धार्थ पी मल्होत्रा ने किया है, जो इससे पहले वी आर फैमिली का निर्देशन कर चुके हैं।

फिल्म हिचकी की कहानी टॉरेट सिंड्रोम पीड़ित युवती के इर्दगिर्द घूमती है, जो टीचर बनना चाहती है। लेकिन, टॉरेट सिंड्रोम के कारण उसको कोई नौकरी देने के लिए तैयार नहीं है। एक स्कूल प्रशासन उसकी समस्या को समझने के बाद उसको नौकरी देने के लिए तैयार होता है। लेकिन, उसके पढ़ाने का तरीका उसके लिए मुसीबतें पैदा करने लगता है। आशावादी युवती किस तरह चुनौतियों और मुसीबतों से पार पाएगी? इस सवाल का जवाब तो फिल्म रिलीज होने पर मिलेगा।

रानी मुखर्जी अपने किरदार के लिए पूरी तैयारी करके मैदान में उतरी हैं। हर सीन में एकदम फिट बैठ रही हैं। ट्रेलर को कसावट के साथ तैयार किया गया है। ट्रेलर मनोरंजक फिल्म का संकेत भी देता है।

सिनेमेटोग्राफी और बैकग्राउंड म्यूजिक दोनों ही बेहतरीन हैं। उम्मीद है कि रानी मुखर्जी की कमबैक फिल्म हिचकी काजल की कमबैक फिल्म फना की तरह बॉक्स आॅफिस पर धूम मचा देगी। फिल्म के लिए बेहतरीन विषय चुना गया है।