मुम्बई। 6 जुलाई 1985 को जन्में फिल्म अभिनेता रणवीर सिंह 32 साल के हो चुके हैं। रणवीर सिंह को बॉलीवुड डेब्यु किए भी 7 साल हो चले हैं। अपने फिल्मी कैरियर में रणवीर सिंह ने 9 फिल्में की, जिसमें से बाजीराव मस्तानी और रामलीला : गोलियों की रासलीला 100 करोड़ के क्लब में शामिल होने में सफल रहीं हैं।
![](https://filmikafe.com/wp-content/uploads/2017/02/Ranveer-Singh-002.jpg)
रणवीर सिंह बॉलीवुड के एकलौते एक ऐसे एक्टर हैं, जो बॉलीवुड अभिनेत्रियों से ज्यादा सुर्खियों में रहते हैं, केवल अपने अजीबोगरीब पहनावे के कारण। कई बार तो रणवीर सिंह को सोशल मीडिया पर लोगों की कड़ी आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ता है।
लेकिन, क्या इस बहुमुखी प्रतिभा के धनी सितारे की कार्यशैली के बारे में आप जानते हैं? क्या आप जानते हैं कि काम के दिनों में रणवीर सिंह कितने गंभीर हो जाते हैं?
इस बात का खुलासा रणवीर सिंह ने स्टारडस्ट इंडिया को दिए एक साक्षात्कार में किया था। नवंबर 2015 के अंक में प्रकाशित इंटरव्यू में पूछे गए सवाल ‘क्या ऐसे भी मौके आते हैं, जब आप खामोश रहना चाहते हैं?’ पर रणवीर सिंह ने कहा,
‘ऐसा मौका तब आता है, जब मैं काम में डूबा रहता हूं। ऐसे में जब मैं घर पहुंचता हूं, तो सीधे अपने कमरे में जाता हूं। मैं बस अपनी मां को नमस्कार कहता हूं, जब वो मेरे घर लौटने पर दरवाजा खोलती है। घर में दूसरे किसी से मैं बात नहीं करता हूं। सुबह उठकर अपने कमरे से बाहर आता हूं और सीधे काम पर निकल जाता हूं।’
![](https://filmikafe.com/wp-content/uploads/2017/02/Ranveer-Singh-005.jpg)
अभिनेता आगे कहते हैं, ‘मैं कर्क राशि जातक हूं। मुझमें खुद को एक दायरे में समेट लेने की प्रवृत्ति है और मैं अतिवादी हूं। अगर मैं लोगों की भीड़ में काम कर सकता हूं तो ऐसा भी हो सकता है कि एक समय मैं लोगों को अपने आस पास देखना पसंद भी न करूं।’
बेफिक्रे अभिनेता रणवीर सिंह जवाब जारी रखते हुए कहते हैं, ‘मैंने बाजीराव मस्तानी की तैयारी के लिए तीन हफ्ते एक होटल के कमरे में गुजारे क्योंकि वह मेरे के लिए काफी महत्वपूर्ण था। दरअसल, जब मैं किसी किरदार को निभा रहा होता हूं, तो उसमें डूबने की कोशिश करता हूं। मुझे अपने आस पास का माहौल बदलना होता है। मुझे रणवीर सिंह को पीछे छोड़कर एक ऐसा इंसान बन जाना होता है, जिसका मैं किरदार निभा रहा हूं।’
![](https://filmikafe.com/wp-content/uploads/2017/07/Ranveer-Singh-Wax.jpg)
गौरतलब है कि रणवीर सिंह संजय लीला भंसाली की अगली फिल्म पद्मावती की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म में रणवीर सिंह दीपिका पादुकोण और शाहिद कपूर के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आएंगे। फिल्म इसी साल रिलीज होने की संभावना है।