अनिल बेदाग, मुम्बई। जी हां, अभिनेता अक्षय कुमार के साथ फिल्म सौगंध से हिंदी फिल्म जगत में कदम रखने वाली अदाकारा शांति प्रिया सात साल बाद हिंदी मनोरंजन जगत में वापसी करने जा रही हैं।

शांति प्रिया ने अक्षय कुमार के साथ सौगंध और इक्के पे इक्का दो फिल्में की। इसके बाद शांति प्रिया ने हिन्दी फिल्म जगत से दूरी बना ली थी।
इसके बाद शांति प्रिया ने हिंदी मनोरंजक धारावाहिकों में काम किया और पिछली बार उनको द्वारकाधीश — भगवान श्रीकृष्ण धारावाहिक में देखा गया था।
दिलचस्प बात तो यह है कि शांति प्रिया लंबे समय बाद हिंदी मनोरंजन जगत में वापसी करने जा रही हैं। इस बारे में बात करते हुए शांति प्रिया ने बताया कि उनकी वेब सीरीज और फिल्मों को लेकर बात चल रही है। एक फिल्म फाइनल हो चुकी है। लेकिन, फिल्म का नाम अभी तक तय नहीं हुआ।

अक्षय कुमार के बारे में बात करते हुए शांति प्रिया कहती हैं, ‘पहले अक्षय कुमार को डांस से काफी डर लगता था। लेकिन, समय के साथ साथ अक्षय कुमार ने अपने डांस कौशल में काफी सुधार कर लिया है।’
तमिल और कन्नड़ फिल्मों में अपने अभिनय की अमिट छाप छोड़ चुकी शांतिप्रिय कहती हैं, ‘नयी पीढ़ी के कलाकार काफी हुनरमंद हैं। लेकिन, रणबीर कपूर और रणवीर सिंह पूरी तरह अलग कलाकार हैं। आयुष्मान खुराना और विक्की कौशल भी कमाल के अभिनेता हैं।’
वर्तमान अभिनेत्रियों के बारे में बात करते हुए शांति प्रिया आलिया भट्ट और कंगना रनौट की तारीफ करती हैं। उनकी नजर में प्रियंका चोपड़ा भी कुशल अभिनेत्री हैं।
बायोपिक करने के सवाल पर शांति प्रिया कहती हैं, ‘मैं मदर टैरेसा जीवन आधारित फिल्म करना चाहूंगी। हालांकि, राजकुमारी डायना और श्रीदेवी भी मेरी फेहरिस्त में शामिल हैं, जिनके व्यक्तित्व से मैं प्रभावित रही हूं।’












