Sunday, March 29, 2026
Home Gossip/News पहलाज निहलानी ने अनुराग पर लगाए आरोप

पहलाज निहलानी ने अनुराग पर लगाए आरोप

0
335

मुंबई।केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के प्रमुख पहलाज निहलानी ने बुधवार को ‘उड़ता पंजाब’ संबंधी विवाद की आग में घी डालने का काम किया।

उन्होंने इसके सह-निर्माता अनुराग कश्यप पर आरोप लगाया है कि उन्होंने फिल्म में पंजाब को गलत ढंग से पेश करने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) से पैसे खाए हैं।

उल्लेखनीय है कि यह सारा विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब निहलानी ने ‘उड़ता पंजाब’ की विषय सामग्री पर आपत्ति जताई और इसके निर्माताओं-फैंटम फिल्म्स (अनुराग कश्यप की) और बालाजी मोशन पिक्चर्स से इसका रिलीज प्रमाण-पत्र पाने के लिए इसमें 89 कट लगाने के लिए कहा।

pahlaj nihalani 007
अनुराग ने निहलानी के इस सुझाव की निंदा करते हुए उन्हें ‘तानाशाह’ करार दिया था।

‘टाइम्स नाउ’ चैनल ने निहलानी से पूछा था कि क्या उन पर ‘उड़ता पंजाब’ को लेकर किसी तरह का राजनीतिक दबाव है? जवाब में उन्होंने कहा, “बिल्कुल नहीं। मैं किसी से नहीं मिला और मैं इससे वाकिफ नहीं हूं कि कौन क्या पद संभाल रहा है।”

तो फिर अनुराग कश्यप आपको निशाना क्यों बना रहे हैं?

जवाब में निहलानी ने कहा, “यह उनका निर्णय है। मैंने सुना है कि उन्होंने आप से पैसे खाए हैं..वह आप के प्रायोजक हैं।”

यह पूछे जाने कि आपका मतलब है कि अनुराग ने पंजाब को गलत ढंग से पेश करने के लिए आप से पैसे लिए हैं? निहलानी ने कहा, “हां, मैंने तो यही सुना है। फिल्म जगत में तो यही बातें चल रही हैं।”

दिल्ली की सत्तारूढ़ आप पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में एक प्रमुख दावेदार है।

-आईएएनएस