Tuesday, March 24, 2026
Home TV/OTT डॉक्टर बनने की इच्छा थी अब टीवी पर बनूंगा : गौरव खन्ना

डॉक्टर बनने की इच्छा थी अब टीवी पर बनूंगा : गौरव खन्ना

0
235

नई दिल्ली| अभिनेता गौरव खन्ना नए टेलीविजन धारावाहिक ‘तेरे बिन’ में एक डॉक्टर के किरदार में दिखाई देंगे। उनका कहना है कि यह किरदार उन्हें खास खुशी देता है, क्योंकि वह असल जिंदगी में भी डॉक्टर बनना चाहते थे।

नए टेलीविजन धारावाहिक ‘तेरे बिन’ की शुरुआत 18 जुलाई (गुरुवार) से होगी। इसमें प्रेम त्रिकोण को दिखाया जाएगा।

‘तेरे बिन’ में गौरव और शेफाली शर्मा एक शादीशुदा जोड़े के रूप में दिखाई देंगे। उनके किरदार का नाम डॉक्टर अक्षय और विजया है। दोनों एक-दूसरे से प्यार नहीं करते, लेकिन अपनी आठ साल की बेटी की नीति (माही कनानी) की वजह से साथ रहते हैं। कहानी में उस वक्त नया मोड़ आता है, जब अक्षय के पहले प्यार डॉक्टर नंदिनी (खुशबू तावड़े) की उनकी जिंदगी में वापसी होती है।

इस बारे में गौरव ने कहा, “यह पहली बार है जब मैं परिपक्व प्रेम कहानी कर रहा हूं। इस तरह की कहानियां वास्तविक जिंदगी में भी होती हैं।”

गौरव ने बताया कि उन्होंने कभी अभिनय के बारे में नहीं सोचा था, वह हमेशा से डॉक्टर बनना चाहते थे।

‘कुमकुम’, ‘यह प्यार न होगा कम’ और ‘जीवन साथी’ जैसे धारावाहिकों में नजर आ चुके गौरव ने बताया, “मैंने 11 वी कक्षा में जीवविज्ञान पढ़ा। मैं डॉक्टर बनना चाहता था, लेकिन गणित में अच्छा होने की वजह से मेरे परिजन मुझे एमबीए करने के लिए कहते थे। मैं डॉक्टर बनना चाहता था, इसलिए टीवी पर डॉक्टर बनकर खुश हूं।”

–आईएएनएस