Tuesday, March 24, 2026
Home Cine Special सुहानी का किरदार काफी बोल्‍ड है : यामी गौतम

सुहानी का किरदार काफी बोल्‍ड है : यामी गौतम

0
358

बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम फिल्म ‘जुनूनियत’ से एक बार फिर पर्दे पर वापसी कर रही हैं। इस फिल्म में यामी को उनके अब तक के काफी मॉडर्न अवतार में देखा जाएगा। उन्होंने फिल्म में अपने लुक, पुलकित के साथ संबंधों, ऋषिता भट्ट के साथ काम करने के अनुभव के अलावा कई अन्य मुद्दों पर भी आईएएनएस के साथ खास बातचीत की।

‘सनम रे’ के बाद पुलकित सम्राट के साथ एक बार फिर पर्दे पर वापसी कर रही यामी गौतम ने आईएएनएस को बताया, “यह फिल्म करने की वजह इसकी कहानी है। इस फिल्म में मेरा किरदार अब तक निभाए गए मेरे अन्य किरदारों से एकदम जुदा है। मैं इसमें अपने अब तक के सबसे बोल्ड लुक में नजर आऊंगी।”

junooniyat 001
यामी फिल्म में अपने किरदार के बारे में कहती हैं, “मैं अमृतसर की सुहानी नाम की लड़की का किरदार निभा रही हूं, जिसे कैप्टन जहान बख्शी नाम के एक फौजी से प्यार हो जाता है लेकिन मेरे परिवार को जहान के साथ मेरा रिश्ता मंजूर नहीं। हालांकि मेरे ताऊजी और भाई भी फौज में रह चुके हैं लेकिन इन सबके बावजूद किन्हीं कारणों से वे जहान के साथ मेरे रिश्ते के विरोध में हैं।”

फिल्म में ऋषिता भट्ट भी एक अहम किरदार में दिखाई देंगी। ऋषिता के साथ काम के बारे में यामी कहती हैं, “ऋषिता फिल्म में मेरी भाभी का किरदार निभा रही हैं। वह बहुत ही बेहतरीन अदाकारा हैं। फिल्म में उनका किरदार भी बहुत अहम है। हालांकि, मैंने उनके साथ पहली बार काम किया है लेकिन हमारी बांडिंग इतनी अच्छी है कि मुझे ये महसूस ही नहीं हुआ।”

junooniyat
‘जूनूनियत’ की शूटिग कश्मीर और पंजाब में हुई है। वह कश्मीर में शूटिग के अनुभव आईएएनएस के साथ साझा करते हुए कहती हैं, “हमने वहां ठंड में शूटिग की। कश्मीर में बुनियादी सुविदाओं का अभाव है। वहां बिजली की बहुत दिक्कत है। कड़ाके की ठंड में बिना बिजली के रात में शूटिग करना खासा मुश्किल रहा लेकिन वहां के लोग बहुत अच्छे और मददगार हैं। शूटिंग के दौरान स्थानीय लोगों ने हमारी काफी मदद भी की। कश्मीर में शूटिग के ये पल मुझे जिंदगी भर याद रहने वाले हैं।”

उन्होंने पुलकित के साथ अपनी ट्यूनिंग के बारे में कहा, “पुलकित एक अच्छे अभिनेता हैं। यह हमारी एक साथ दूसरी फिल्म है।”

फिल्म के गाने खासे पसंद किए जा रहे हैं। वह कहती हैं कि फिल्म के सभी गाने बहुत अच्छे हैं। इन्हें पसंद भी किया जा रहा है। इस फिल्म की खूबी के बारे में यामी कहती हैं कि यह एक प्रेम कहानी है और हमारे देश में लोग इस तरह की फिल्में देखना पसंद करते हैं। फिल्म की कहानी बहुत अच्छी है तो यकीनन लोगों को यह पसंद आएगी।

-आईएएनएस/रीतू तोमर