Monday, March 23, 2026
Home Gossip/News एक वास्‍तविक फोटो से प्रेरित है फिल्‍म इंदु सरकार का पोस्‍टर

एक वास्‍तविक फोटो से प्रेरित है फिल्‍म इंदु सरकार का पोस्‍टर

0
531

मुंबई। आपातकाल पर आधारित फिल्‍म इंदु सरकार की शूटिंग शुरू हो चुकी है। इस बात का खुलासा फिल्‍मकार मधुर भंडारकर ने अपने ट्विटर खाते से किया। इस फिल्‍म में पिंक फेम कीर्ति कुलहरि मुख्‍य भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा नील नीतिन मुकेश भी अहम किरदार में हैं।

इतना ही नहीं, फिल्‍मकार ने इस फिल्म का एक टीजर पोस्टर भी साझा किया है, जिसमें एक महिला के हाथ को जंजीर से बांधा हुआ दिखाया गया है और इसके साथ ही इसमें इंडिया गेट और संसद को भी दर्शाया गया है।

दरअसल, यह पोस्‍टर संघर्षशील नेता जॉर्ज फर्नांडीस की एक उस समय की फोटो से प्रेरित है, जब भारत में आपात काल लगा था। इस बात का खुलासा स्‍वयं मधुर भंडारकर ने एक यूजर को जवाब देते हुए किया।

इसे साझा कर अपने संदेश में भंडारकर ने लिखा, “यह है ‘इंदु सरकार’ का टीजर पोस्टर। शूटिंग आज से शुरू हो गई है। आपके साथ और दुआओं की जरूरत है।”

उधर, फिल्मकार सुभाष घई ने फिल्म के टीजर पोस्टर और निर्देशक की प्रशंसा करते हुए ट्वीट किया, “इतने शानदार पोस्टर के लिए शुक्रिया भंडारकर। एक अच्छी फिल्म के आने का इंतजार है।” -आईएएनएस