Wednesday, April 22, 2026
Home Latest News कटप्‍पा ने मांगी कन्‍नड़ लोगों से माफी, क्‍या रिलीज हो पाएगी बाहुबली...

कटप्‍पा ने मांगी कन्‍नड़ लोगों से माफी, क्‍या रिलीज हो पाएगी बाहुबली 2?

0
305

हैदराबाद। जी हां, बाहुबली 2 की जान कटप्‍पा असली नाम सत्‍यराज ने 9 साल पहले कन्‍नड़ लोगों के खिलाफ दिए अपने एक बयान के संदर्भ में माफीनामा जारी कर दिया है।

बाहुबली 2 अभिनेता ने जारी बयान में कहा, ‘मैं जानता हूं कि मैंने कावेरी जलसंकट के दौरान बयान दिया था और उसने कर्नाटक के लोगों में तनाव पैदा कर दिया था। मैं कन्‍नड़ या कर्नाटक के लोगों के खिलाफ नहीं हूं। मेरा सहयोगी शेखर इसकी सबसे बड़ी उदाहरण है, जो 30 साल से मेरे साथ है, जो कन्‍नड़ है।’

सत्‍यराज ने कहा, ‘मैं अपने नौ साल पहले दिए अपने बयान के लिए माफी मांगना चाहता हूं। मैं कहना चाहता हूं कि मैं बाहुबली 2 में छोटा सा कलाकार हूं और मैं नहीं चाहता कि मेरे कारण फिल्‍म बाहुबली 2 पर नकारात्‍मक असर पड़े क्‍योंकि कर्नाटक के वितरकों का भला चाहना भी मेरी जवाबदेही है।’

अभिनेता ने आगे कहा, ‘मै पिछले 9 साल के दौरान लगभग 30 फिल्‍मों में काम कर चुका हूं, जिसमें बाहुबली भी शामिल है। मुझे कन्‍नड़ फिल्‍में भी ऑफर हुईं हैं। लेकिन, समय की किल्‍लत के चलते उनको कर पाने में असफल रहा हूं।’

लेकिन, तमिल अभिनेता सत्‍यराज ने अपने माफीनामे स्‍पष्‍ट किया कि वह तमिलों के हकों के लिए हमेशा आवाज बुलंद करते रहेंगे।

सूत्रों के मुताबिक सत्‍यराज की माफी के बाद कर्नाटक में बाहुबली 2 के लिए रास्‍ता खुल सकता है और विरोध करने वाले संगठन पीछे हट सकते हैं। हालांकि, दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया आनी बाकी है।