Wednesday, March 25, 2026
Home Regional Cinemas चिरंजीवी के भाई की टिप्‍पणी पर बिफरे राम गोपाल वर्मा

चिरंजीवी के भाई की टिप्‍पणी पर बिफरे राम गोपाल वर्मा

0
270

मुम्‍बई। भले ही पिछले लंबे समय से फिल्‍मकार रामगोपाल वर्मा ने बॉक्‍स ऑफिस पर कोई बड़ी हिट फिल्‍म न दी हो। लेकिन, उनके हाथ में आज भी मेगाबजट फिल्‍में हैं और अपने ट्विटों के कारण चर्चा में बने रहते हैं।

अब फिल्‍मकार राम गोपाल वर्मा एक बार फिर चर्चा में हैं। और चर्चा का कारण मेगास्‍टार चिरंजीवी के भाई नागा बाबू की टिप्‍पणी है, और उस पर राम गोपाल वर्मा का रिएक्‍शन।

फिल्‍मकार ने टिप्‍पणी का जवाब देते हुए मेगास्‍टार चिरंजीवी को सलाह दी कि वह भविष्‍य में अपने भाई नागाबाबू को अपने प्रतिष्‍ठित समारोह में ना लेकर जाएं। रामू ने आरोप लगाया कि नागाबागू की गलत सलाह के कारण ही चिरंजीवी की पार्टी प्रजाराज्‍यम बुरी तरह फेल हुई है।

रामगोपाल वर्मा ने ट्वीट में लिखा, ‘पूरा राज्य जानता है कि आपने प्रजाराज्यम के लिए अपने बड़े भाई को कैसी गलत सलाह दी और उन्हें हरवा दिया। मुझे सलाह देने से पहले कृपया खुद से पूछिए कि आपकी पूरी जिंदगी में आपका कैसा महान करियर रहा है।’

रामू ने आगे तेज प्रहार करते हुए लिखा, ‘आपमें अपने भाई के मुकाबले 0.1 प्रतिशत महानता भी नहीं है। इसीलिए आपका महान भाई आपकी तरह व्यर्थ का शोर शराबा नहीं करता। आपको अंग्रेजी समझ में नहीं आती, इसलिए अपने किसी पढ़े-लिखे दोस्त से मेरे ट्वीट का तेलुगू में अनुवाद करा लिया कीजिये।’

रंगीला फिल्‍म निर्देशक ने आगे लिखा, ‘मैं जानता हूं कि वह आपके भाई हैं और आप उनसे प्यार करते हैं। लेकिन, भविष्य में कृपया उन्हें ऐसे प्रतिष्ठित समारोहों में अपने साथ लेकर मत जाइए क्योंकि वह मजा किरकिरा कर सकते हैं।’

गौरतलब है कि हाल ही में आयोजित हुए कैदी नंबर 150 के प्री-रिलीज समारोह में नागाबाबू उपस्‍थित थे। इस मौके पर नागबाबू ने कहा था, ‘यह सज्जन मेरे भाई और उनकी फिल्म के बारे में व्यर्थ की टिप्पणियां कर रहे हैं। वह पहले कभी अच्छी फिल्में बनाया करते थे, लेकिन अब नहीं। उन्हें मेरे भाई के बारे में टिप्पणियां करने के स्थान पर अच्छी फिल्में बनाने पर ध्यान देना चाहिए।’

नागाबाबू ने साथ ही कहा था कि राम गोपाल वर्मा व्यक्तिगत लाभ के लिए चिरंजीवी की लोकप्रियता को भुना रहे हैं। -आईएएनएस/एफकेएनएन