रिलीज हुआ न्यूटन का ट्रेलर, दमदार विषय और मजेदार किरदार में दिखे राजकुमार राव

0
159

मुम्बई। फिल्म बरेली की बर्फी में प्रीतम विद्रोही की भूमिका निभाकर दिल जीत चुके राजकुमार राव अपनी नयी फिल्म न्यूटन में भी दमदार किरदार में नजर आएंगे। इसकी झलक हाल ही रिलीज हुए फिल्म न्यूटन के ट्रेलर में मिलती है।


अमित मासुरकर निर्देशित फिल्म न्यूटन का न्यूटन काफी अलग स्वभाव का व्यक्ति है, इस बात का पहले ट्रेलर के पहले ही सीन में चल जाता है, जब न्यूटन लड़की का रिश्ता इसलिए ठुकरा देता है क्योंकि वो नाबालिग है।

फिल्‍म में न्यूटन की ड्यूटी नक्‍सल प्रभावित इलाके में लगेगी, जहां पर न्‍यूटन ईमानदारी से चुनाव करवाने की कोशिश करेगा, लेकिन, इस दौरान उसको कई चुनौतियों को सामना करना पड़ेगा। यहां पर चूहे बिल्‍ली का खेल देखने में मजा आएगा, ऐसा ट्रेलर देखकर लगता है। बाकी तो फिल्‍म रिलीज होने के बाद पता चलेगा।

राजकुमार राव न्यूटन के किरदार के लिए नि:संदेह एक बेहतरीन च्वॉइस हैं। न्यूटन के किरदार को राजकुमार राव बेहतरीन तरीके से अदा करते हुए नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में दूसरे कलाकारों की मौजूदगी भी प्रभावशील है, चाहे वो संजय मिश्रा की हो, पंकज त्रिपाठ की हो या अन्य किसी कलाकार की।

ट्रेलर का संपादन बेहतरीन तरीके से किया गया है। न्यूटन ट्रेलर में चुंबकीय बल है, जो उत्सुकता पैदा करता है। फिल्म के संवादों के साथ साथ सिनेमेटोग्राफी पर भी बड़ी संजीदगी से काम हुआ है।

उम्मीद करते हैं कि राजकुमार राव अभिनीत फिल्म न्यूटन बॉक्स आॅफिस पर बेहतरीन प्रदर्शन करेगी क्योंकि इसका विषय भी काफी रोचक है।