Saturday, March 28, 2026
Home Cine Special ’31 अक्टूबर’ पंजाब चुनाव पर डाल सकती है असर : सोहा अली...

’31 अक्टूबर’ पंजाब चुनाव पर डाल सकती है असर : सोहा अली खान

0
209

इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भड़के सिख दंगों पर आधारित फिल्म ’31 अक्टूबर’ में अभिनेत्री सोहा अली खान एक सिख महिला का किरदार निभा रही हैं, जो दंगों में अपने परिवार की जिंदगी बचाने के लिए जद्दोजहद करती दिखाई देंगी।

31 अक्‍टूबर अभिनेत्री सोहा अली खान ने विशेष साक्षात्कार के दौरान फिल्म अक्‍टूबर के पंजाब चुनावों पर पड़ने वाले असर और फिल्म को लेकर हो रही राजनीति पर खुलकर बातचीत की।

सोहा अली खान कहती हैं, “यह फिल्म सिख दंगों की हकीकत से लोगों को रू-ब-रू कराएगी। ऐसे लोग, जिन्हें इन दंगों की वास्तविकता पता नहीं हैं, वे फिल्म देखकर उस दर्द को समझ पाएंगे, जिनसे पीड़ित गुजरे हैं।”

soha ali khan 001

अगले साल पंजाब में होने जा रहे विधान सभा चुनावों को ध्‍यान में रखते हुए यह पूछे जाने पर कि क्या इस फिल्म का पंजाब चुनाव पर असर पड़ेगा, तो सोहा कहती हैं, “यह फिल्म किसी भी राजनीतिक पार्टी का विरोध नहीं करती, फिल्म में सिर्फ सच्चाई उजागर की गई है। फिर भी इसका थोड़ा-बहुत असर पंजाब चुनाव पर तो पड़ेगा ही।”

फिल्‍म करने से पहले तथ्‍यों की खोजबीन के बारे में पूछे जाने पर सोहा अली कहती हैं, “मैंने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से इस घटना की बारीकी समझी है।”

Trailer Review : 31 अक्‍टूबर में छाए सोहा अली ख़ान और वीर दास

फिल्म की कहानी बताते हुए सोहा कहती हैं, “इसमें इंदिरा गांधी की हत्या के बाद मचे कत्लेआम में एक परिवार की खुद को बचाने की जद्दोजहद दिखाई गई है। यह देखना काफी मार्मिक होगा। दंगों के दौरान गैर समुदाय के काफी लोगों ने अपनी जान खतरे में डालकर सिखों को बचाया। दो-तीन दिनों तक सिखों को अपने घरों में छिपाकर रखा।”

फिल्‍म को लेकर बढ़ते राजनीतिक विवाद और केंद्रीय फिल्‍म प्रमाणन बोर्ड के रवैये के बारे में पूछे जाने पर सोहा कहती हैं, “यह फिल्म कांग्रेस, भाजपा या आम आदमी पार्टी के बारे में नहीं है, बल्कि भाईचारे के बारे में है। केंद्रीय फिल्‍म प्रमाणन बोर्ड केवल प्रमाण पत्र देने की निकाय है। वह सिर्फ फिल्मों को प्रमाणपत्र दे, बाकी दर्शकों पर छोड़ दे। दर्शक खुद तय करेंगे कि उन्हें क्या देखना है और क्या नहीं देखना है।”

31st octber 001

को-स्‍टार वीर दास के बारे में पूछे जाने पर सोहा अली खान कहती हैं, “मैं उन्हें गो, गोवा, गोन के समय से जानती हूं। इस फिल्म में उन्होंने काफी हटकर किरदार निभाया है। आप उनका अभिनय देखकर चौंक जाएंगे।”

सोहा अली खान अंत में कहती हैं कि फिल्म रिलीज होने के बाद दंगों को लेकर लोगों के विचारों में यकीनन बदलाव आएगा। यह फिल्म दंगों में जान गंवा चुके लोगों के लिए एक श्रद्धांजलि है। -आईएएनएस/रीतू तोमर