स्‍टारडस्‍ट अवार्ड में अमिताभ, ऐश्‍वर्या समेत कई सितारे सम्‍मानित

0
244

मुंबई। सोमवार की रात को स्‍टारडस्‍ट अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर अमिताभ बच्चन, शाह रुख खान और ऐश्वर्या राय बच्चन समेत कई सितारों को बेहतरीन अभिनय और कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

गौरतलब है कि सोमवार की रात को आयोजित हुए इस समारोह में काजोल, सलमान खान, अनुष्का शर्मा, ऋचा चड्ढा, दिलजीत दोसांझ, मनीषा कोइराला, श्रीदेवी सहित कई बॉलीवुड कलाकारों ने शिरकत की।

इस समारोह में गायिका आशा भोंसले को लिविंग लीजेंड और अमिताभ बच्चन को फिल्म ‘वजीर’ और ‘पिंक’ के लिए व्युअर्स च्‍वॉइस बेस्ट एक्टर मेल के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

वहीं, बॉलीवुड अदाकारा ऐश्वर्या राय बच्‍चन ने शाह रुख खान को उनकी फिल्म ‘फैन’ के लिए एडिटर्स च्‍वॉइस बेस्ट एक्टर ऑफ द ईयर (मेल) की ट्रॉफी से सम्मानित किया। अमिताभ बच्‍चन ने अपनी बहू ऐश्वर्या को एडिटर्स च्‍वॉइस आइकॉनिक रोल ऑफ द ईयर की ट्रॉफी भेंट की।

इसी समारोह में स्टार जोड़ी शबाना आजमी और जावेद अख्तर ने अभिनेत्री रेखा को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया।

फिल्म ‘कपूर एंड सन्स’ में शानदार अभिनय के लिए रणबीर कपूर और नीतू कपूर ने अभिनेता ऋषि कपूर को सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेता के पुरस्कार से सम्मानित किया।

अमेरिका से रविवार को मुंबई लौटीं ‘क्वांटिको’ स्टार प्रियंका चोपड़ा को अभिनेत्री श्रीदेवी ने ग्लोबल आइकन अवार्ड से सम्मानित किया।

प्रियंका की चचेरी बहन, अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने उनके सम्मान में मंच पर शानदार प्रस्तुति दी। समारोह में जैकलीन फर्नांडीज, दिलजीत और हिमेश रेशमिया ने भी प्रस्तुति दी।

इस मौके पर साल के सर्वश्रेष्ठ फिल्मकार का पुरस्कार राम माधवानी को फिल्म ‘नीरजा’ के लिए मिला।

सोनम कपूर को ‘नीरजा’ के लिए एडिटर्स च्‍वॉइस बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार मिला। इस फिल्म में सोनम की मां का किरदार निभाने वाली शबाना को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के पुरस्कार से नवाजा गया।

अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने ‘ऐ दिल है मुश्किल’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार हासिल किया। इसके अलावा ‘ऐ दिल है मुश्किल’ ने बेस्ट म्यूजिक फिल्म का भी पुरस्कार जीता।

अभिनेत्री काजोल ने समारोह में अभिनेता अजय देवगन के बदले उनकी फिल्म ‘शिवाय’ के लिए विशेष पुरस्कार ग्रहण किया।

अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन कपूर को सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता का पुरस्कार हासिल किया और फिल्म में उनके साथ दिखीं सैयामी खेर और ‘एम.एस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी’ के लिए दिशा पाटनी ने सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेत्री का पुरस्कार साझा किया।

बेस्ट सुपरस्टार ऑफ नेक्सट जेनरेशन का पुरस्कार वरुण धवन को मिला।

संगीत की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक के लिए प्रीतम को ‘ऐ दिल है मुश्किल’, अमिताभ भट्टाचार्य को ‘चन्ना मेरया’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गीतकार, इस गीत के लिए अरिजीत सिंह को सर्वश्रेष्ठ प्‍ले-बैक सिंगर और नेहा भसीन को ‘सुल्तान’ के ‘जग घूमएया’ के लिए सर्वश्रेष्ठ प्‍लेबैक सिंगर फीमेल का पुरस्कार मिला।

सलमान खान और अनुष्का शर्मा अभिनीत फिल्म सुल्तान ने व्युअर्स च्‍वॉइस बेस्ट फिल्म और बेस्ट कॉस्टूयूम डिजाइन का पुरस्कार हासिल किया। बॉस्को-सीजर को ‘काला चश्मा’ गाने के लिए सर्वश्रेष्ठ नृत्य निर्देशक का पुरस्कार मिला। -आईएएनएस