Monday, March 23, 2026
Home Music/News माधुरी के लिए गाना चाहती हैं नीति मोहन

माधुरी के लिए गाना चाहती हैं नीति मोहन

0
312

मुंबई। ‘जिया रे’, ‘खींच मेरी फोटो’ और ‘बैंग बैंग’ जैसे गीत गाने वाली लोकप्रिय गायिका नीति मोहन का कहना है कि वह बॉलीवुड की नृत्य साम्राज्ञी माधुरी दीक्षित की आवाज बनना चाहती हैं।

नीति ने आईएएनएस से कहा, “मैंने दीपिका पादुकोण, आलिया भट्ट और अनुष्का शर्मा जैसी अभिनेत्रियों के लिए गाया है, लेकिन मैं माधुरी की बहुत बड़ी प्रशंसक हूं। उनके नृत्य का अंदाज बहुत बेहतरीन है। मैंने उनके लिए एक बार ‘झलक दिखला जा’ के प्रोमो के लिए गाया था और उससे ही मुझे काफी खुशी हुई थी।”

neeti mohan madhuri dixit

गायिका ने कहा, “अगर मुझे माधुरी की आवाज बनकर गाने का मौका मिलेगा, तो मेरे लिए यह सपने के सच होने जैसा होगा। वह मेरी परिवार की पसंदीदा अभिनेत्री हैं और उनके पोस्टर हमारी घर की दीवारों पर लगे हुए होते थे, जब हम दिल्ली में रहते थे। मुझे नहीं पता कि वह अगली फिल्म कब करेंगी, लेकिन मैं उनकी आवाज जरूर बनना चाहूंगी।”

टेलीविजन शो ‘पॉपस्टार’ की विजेता बन सुर्खियों में आई नीति ने 2005 में आई फिल्म ‘सोचा ना था’ में अपने अभिनय कौशल को भी दर्शाया। हालांकि, वह अभिनय को लेकर अधिक उत्सुक नहीं हैं और अपने गायन करियर पर ध्यान देना चाहती हैं।

नीति का मानना है कि एक गायक को अपनी वास्तविकता ही दर्शानी चाहिए और जिन्होंने ऐसा किया, वे अपने जीवन में काफी सफल रहे हैं। वह दिग्गज पाश्र्व गायिका लता मंगेशकर को अपनी गुरु मानती हैं।

नीति को आगामी संगीत टेलीविजन रियेलिटी शो ‘द वॉइस ऑफ किड्स’ में निर्णायक की भूमिका में देखा जाएगा। इसका प्रसारण टेलीविजन चैनल ‘एंड टीवी’ पर होगा।

-आईएएनएस