बुरा समाचार बा : दिल्‍ली भाजपा अध्‍यक्ष पद से अभिनेता मनोज तिवारी की छुट्टी

0
422

भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी को भारतीय जनता पार्टी की दिल्‍ली इकाई के अध्‍यक्ष पद से हटा दिया गया है। मनोज तिवारी को हटाने के बाद दिल्‍ली में भारतीय जनता पार्टी की कमान आदेश गुप्‍ता को सौंपी गई है।

हालांकि, मनोज तिवारी को अध्‍यक्ष पद से हटाए जाने को लेकर कारण स्‍पष्‍ट नहीं किए गए। लेकिन, सूत्रों का कहना है कि दिल्‍ली के व्‍यापारी वर्ग को साधने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने दिल्‍ली की कमान नॉर्थ एमसीडी के मेयर रह चुके आदेश गुप्‍ता को सौंपी है।

गौरतलब है कि हाल ही में मनोज तिवारी पर लॉकडाउन तोड़ने का आरोप लगा था क्‍योंकि मनोज तिवारी अपने कार्यकर्ताओं के साथ अरविंद केजरीवाल की सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन करने राजघाट पर जमा हुए थे। इस मामले में मनोज तिवारी और अन्‍य कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया था।

इसके अलावा हाल ही में लॉकडाउन के दौरान यूनिक स्टेडियम शेखपुरा में आयोजित क्रिकेट कार्यक्रम में शामिल होने के चलते मनोज तिवारी को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।

मनोज तिवारी को जैसे ही दिल्‍ली भाजपा अध्‍यक्ष पद से हटाया गया, वैसे ही सोशल मीडिया पर उनको लेकर मीम बनाने और तंज कसने वाले सक्रिय हो गए।