ना विद्या बालन, ना अनुष्‍का शेट्टी, महानती में होंगी कीर्ति सुरेश!

0
628

चैन्‍ने। दक्षिण भारतीय अभिनेत्री सावित्री के जीवन पर बनने जा रही फिल्‍म में अभिनेत्री कीर्ति सुरेश मुख्‍य भूमिका में नजर आ सकती हैं। हालांकि, इससे पहले अभिनेत्री विद्या बालन, नित्या मेनन और अनुष्का शेट्टी के नामों पर चर्चा होने की बात सामने आई थी।

फिल्म निर्देशक नाग अश्विन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से विशेष बातचीत में कहा, ‘कीर्ति सुरेश के साथ हमारी बातचीत चल रही है। इस फिल्म में कीर्ति के होने की अधिक संभावना है। फिलहाल, कीर्ति सुरेश शहर से बाहर है। उसके लौटते ही हम आधिकारिक रूप से घोषणा करेंगे।’

गौरतलब है कि सावित्री बायोपिक ‘महानती’ को तमिल और तेलुगू दोनों भाषाओं में बनाया जाएगा। इसमें अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु भी मुख्य भूमिका में हैं। दरअसल, फिल्‍म की कहानी सामंथा के नजरिए से सुनाई जाएगी।

फिल्‍मकार अश्विन ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘पिछले 80 सालों में तेलुगू सिनेमा में अनगिनत अभिनेत्रियां आई हैं, लेकिन किसी ने भी महानती का खिताब अर्जित नहीं किया। और तो और आज भी यह सिर्फ सावित्री के लिए संरक्षित है।’

4 जनवरी 1936 को जन्मीं सावित्री ने तमिल-तेलुगू फिल्म ‘समसारम’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। अभिनेत्री को ‘देवदासु’, ‘मिस्सममा’ ‘चिरंजीवी’ और ‘मायाबाजार’ आदि फिल्मों में शानदार अभिनय से खूब लोकप्रियता मिली।

सावित्री ने ‘चिन्नारी पापलु’, ‘चिरंजीवी’ जैसी फिल्मों का निर्देशन भी किया। सावित्री अभिनेत्री होने के साथ साथ लोकप्रिय गायिका भी थीं। -आईएएनएस