62वें फिल्‍मफेयर अवार्ड्स में फिल्‍म दंगल और नीरजा ने लहराया परचम

0
301

मुंबई। पिछले दिनों अक्षय कुमार के फैन्‍स के निशाने पर रहे 62वें फिल्‍मफेयर अवार्ड्स समारोह के नतीजे आ चुके हैं। दिलचस्‍प बात तो यह है कि इस फिल्‍म समारोह में बॉक्‍स ऑफिस पर नये कीर्तिमान स्‍थापित करने वाली फिल्‍म दंगल ने तीन पुरस्‍कार जीते।

अभिनेता आमिर खान अभिनीत फिल्‍म दंगल ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, सर्वश्रेष्ठ फिल्म और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक श्रेणी में पुरस्कार जीते। इसके अलावा उड़ता पंजाब में बेहतरीन अभिनय करने के लिए आलिया भट्ट को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्‍मानित किया गया।

जानकारी के अनुसार अपनी मां सोनी राजदान और बहन शाहीन भट्ट के साथ समारोह में शामिल हुई आलिया भट्ट को श्रीदेवी और बोनी कपूर के हाथों सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। इस समारोह की मेजबानी डियर जिंदगी के अभिनेता शाह रुख खान ने की।

इसके अलावा, अभिनेत्री सोनम कपूर ने ‘नीरजा’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का क्रिटिक्स अवार्ड जीता, जबकि शाहिद कपूर ने ‘उड़ता पंजाब’ और मनोज बाजपेयी ने ‘अलीगढ़’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के क्रिटिक्स अवार्ड जीते।

निर्देशक राम माधवन ने फिल्म ‘नीरजा’ के लिए सर्वश्रेष्ठ फिल्म का क्रिटिक्स अवार्ड जीता। दिलजीत दोसांझ ने ‘उड़ता पंजाब’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता और रितिका सिंह ने ‘साला खड़ूस’ के लिए नवोदित अभिनेत्री का पुरस्कार जीता।

बॉलीवुड अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अपनी बेटी सोनाक्षी सिन्‍हा के हाथों फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड ग्रहण किया।

श्याम कौशल ने फिल्म ‘दंगल’ में बेस्ट एक्शन के लिए पुरस्कार जीता। पायल सलूजा ने ‘उड़ता पंजाब’ में बेस्ट कास्ट्यूम का पुरस्कार जीता।

गायक अरिजीत सिंह ने गीत ‘ऐ दिल है मुश्किल’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गायक और प्रीतम ने ‘ऐ दिल है मुश्किल’ के लिए सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक का पुरस्कार जीता। ‘चन्ना मेरेया’ गीत के लिए अमिताभ भट्टाचार्य को सर्वश्रेष्ठ गीतकार का पुरस्कार मिला। वहीं, नेहा भसीन ने ‘सुल्तान’ के फीमेल वर्जन गीत ‘जग घूमया’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गायिका का पुरस्कार जीता।

फिल्म ‘कपूर एंड संस’ के लिए ऋषि कपूर को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता, आदिल शेख को फिल्म के गाने ‘कर गई चुल’ के सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी और शकुन बत्रा ने और आयशा देवित्रे ने इस फिल्म के लिए ही सर्वश्रेष्ठ कहानी और पटकथा का पुरस्कार जीता।

फिल्म ‘नीरजा’ ने चार पुरस्कार अपने नाम किए। इस फिल्म के लिए शबाना आजमी ने सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री और अपर्णा सूद और अन्ना इपे ने बेस्ट प्रोडक्शन डिजाइन, मितेश मनचंदानी ने सर्वश्रेष्ठ सिनेमेटोग्राफी और मोनिशा आर. बलवाड़ा ने सर्वश्रेष्ठ संपादन के लिए पुरस्कार जीता।

‘नील बट्टे सन्नाटा’ के लिए अश्वनी अय्यर तिवारी को सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार मिला।

-आईएएनएस/फिल्‍मी कैफे