एक फिल्म ‘शोले’ आई थी, जिसका हर किरदार यादगार बन गया। एक और फिल्म ‘जिन्दगी न मिलेगी दोबारा’ आई थी, जिसके मुख्य सितारे असल जीवन में एक एक करके अपने जीवन साथियों से जुदा हो गए।
जी हां। जोया अख्तर निर्देशित ‘जिन्दगी ना मिलेगी दोबारा’ वर्ष 2011 में रिलीज हुई, जिसमें फरहान अख्तर, ऋतिक रोशन, अभय देओल, कल्कि कोचलिन और कैटरीना कैफ ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थी।
फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की और फिल्म के कलाकारों के अभिनय की हर तरफ सराहना हुई। मगर, इस फिल्म के सभी सितारे के जीवन में ऐसी उथल पुथल मची कि सभी मुख्य सितारे अपने जीवन साथियों से जुदा हो गए।

कल्कि कोचलिन से कारवां शुरू हुआ और फरहान अख्तर पर आकर रुका। अभिनेत्री कल्कि कोचलिन ने निर्देशक अनुराग कश्यप के साथ 2011 में घर बसाया। मगर, कल्कि का वैवाहिक जीवन दो साल भी टिक ना सका। वर्ष 2013 में कल्कि कोचलिन और अनुराग कश्यप ने अलग होने का फैसला लिया। कल्कि कोचलिन और अनुराग कश्यप वर्ष 2014 में कानूनी तौर पर अलग हो गए।
इसके बाद वर्ष 2014 के दौरान बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन और सुजैन ख़ान अपना वैवाहिक जीवन समाप्त करते हुए एक दूसरे से अलग हो गए। हालांकि, ऋतिक रोशन ने वर्ष दिसंबर 2013 में अपने वैवाहिक जीवन को समाप्त करने की घोषणा कर दी थी। मगर, बांद्रा कोर्ट से तलाक को नवंबर 2014 में स्वीकृति मिली।
इस कड़ी को आगे अभय देओल और प्रीति देसाई के ब्रेकअप ने बढ़ाया। अभय देओल और प्रीति देसाई दोनों वर्ष 2011 से लिव इन रिलेशन में रह रहे थे। वर्ष 2014 में अभय देओल और प्रीति देसाई ने वन बाय टू नामक फिल्म में एक साथ काम किया। मगर, वर्ष 2015 में अभय देओल और प्रीति देसाई एक दूसरे से अलग हो गए। उसके बाद अभय देओल की कोई फिल्म रिलीज नहीं हुई और इस दौरान उनके पिता का देहांत भी हो गया। फिलहाल, अभय देओल के पास तीन फिल्में हैं, मगर, सब कहीं न कहीं अटकी हुई हैं।
वर्ष 2016 फरहान अख्तर और अधूना अख्तर के रिश्ते की समाप्ति का गवाह बन गया। 21 जनवरी 2016 को दोनों ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया। निर्देशक फरहान अख्तर और अधूना की मुलाकात दिल चाहता है के सेट पर हुई थी। दोनों ने 2000 में विवाह किया और वैवाहिक जीवन से दो बेटियां हैं। अधूना के अलग होने के बाद फरहान अख्तर का नाम अदिति राय हैदरी और कल्कि कोचलिन से जोड़ा जाने लगा। मगर, फरहान अख्तर अपने बैंड पर अधिक ध्यान दे रहे हैं।

इस कड़ी में अंतिम नाम कैटरीना कैफ का है, जो रणबीर कपूर के साथ लव इन रिलेशनशिप में रह रही थीं। रणबीर कपूर और कैटरीना कैफ के अलग होने की ख़बरें आना शुरू हुई। मगर, मोहर उस समय लग गई, जब रणबीर कपूर और कैटरीना कैफ अपने लिए अलग अलग घर ढूंढ़ने निकल पड़े। दोनों की आपसी तकरार के कारण जग्गा जासूस जैसी फिल्म लटक गई, जो कैटरीना कैफ और रणबीर कपूर की एक साथ अंतिम फिल्म मानी जा रही है। दोनों एक दूसरे से जुदा हो चुके हैं।














